रैमी
पौधे की प्रजाति / From Wikipedia, the free encyclopedia
रैमी (Rammie) रीआ, या रिहा, या चीनी घास एक प्रकार का पौधा है जो अर्टीकेसी (Urticaceae) कुल के बोमेरिया जीनस (Boehmeria Genera) के बोमेरिया निवीया (Boehmeria nivea) के नाम से ज्ञात है। इसके पत्ते नीचे की ओर हिम के समान सफेद होते हैं। पहले यह 'बोमेरिया टिनेसिसिमा' (tenacissima) कहा जाता था जो उष्ण देशों में उपजता था। इसके पत्ते पतले और नीचे ऊपर दोनों ओर हरे होते थे। इन दोनों ही रूपों के लिए भारत में रीआ (असम में रिहा) नाम प्रचलित है।
बोमेरिया निवीया झाड़ीदार वर्षानुवर्षी पौधा (herbaceous perennial) होता है। इसकी लम्बाई १ मीटर से ढ़ाई मीटर तक होती है। यह पूर्वी एशिया का देशज है। इसके पत्ते आकार में दंशरोम (Nettle) के पत्तों जैसे होते हैं। पत्तों के पृष्ठ पर मृदुरोम होते हैं, जो चाँदी जैसे चमकते हैं। इसके फूल छोटे एवं हरित भूरे रंग के होते हैं। यह चीन, फारमोसा, जापान और फिलीपीन में अनेक वर्षों से उगाया जा रहा है। अब तो संसार के प्राय: समस्त उष्ण देशों में यह उगाया जाता है। अमरीका में भी इसके उगाने की चेष्टाएँ हुई हैं। बीज से, या कलम से, या जड़ों के विभाजन से पौधा उगाया जाता है। यह तीन से आठ फुट तक ऊँचा होता है। प्रति वर्ष इसकी दो से लेकर चार फसलें तक उपजती हैं। सामान्यत: प्रति एकड़ चार टन के लगभग पैदावार होती है किंतु विशेष ध्यान देने पर इसे और अधिक बढ़ाया जा सकता है।