रेखीय बी लिपि
From Wikipedia, the free encyclopedia
रेखीय बी एक अक्षरमाला पर आधारित लिपि थी जिसका प्रयोग प्राचीन यूनान में माइसीनियाई यूनानी लिखने के लिए किया जाता था। यह यूनानी वर्णमाला से कई सदियों पहले प्रचलित थी और माइसीनियाई संस्कृति के पतन के साथ-साथ इसका प्रयोग भी ख़त्म हो गया। रेखीय बी के अभिलेख नोसोस, साइडोनिया, पाएलोस, थीब्स और माइसीनाए के स्थलों पर मिली हैं।[1][2] रेखीय बी की विलुप्ति के बाद कुछ अरसे तक यूनान में किसी लिखाई का सबूत नहीं मिला है और इस काल को यूनानी अंधकार काल कहा जाता है। भाषावैज्ञानिकों का मानना है कि यह लिपि रेखीय ए नामक लिपि की संतान थी जो क्रीत के द्वीप पर बोली जाने वाली मिनोआई भाषाओँ के लिए विकसित की गई थी।
रेखीय बी में लगभग ८७ भिन्न ध्वनियों से सम्बंधित अक्षर थे, लेकिन साथ ही साथ कुछ भावचित्र (इडियोग्रैम) भी प्रयोग होते थे। कुल मिलकर लीनियर बी में क़रीब २०० चिह्न पाए गए हैं। यह ध्यान योग्य बात है कि इसकी पूर्वज रेखीय ए लिपि को अभी तक भाषावैज्ञानिक पढ़ने और समझने में असमर्थ रहे हैं।