![cover image](https://wikiwandv2-19431.kxcdn.com/_next/image?url=https://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/thumb/c/c8/M_Faraday_Lab_H_Moore.jpg/640px-M_Faraday_Lab_H_Moore.jpg&w=640&q=50)
प्रयोगशाला
From Wikipedia, the free encyclopedia
प्रयोगशाला वैज्ञानिक प्रयोगों, अनुसंधान, शिक्षण, या रसायनों और औषधियों के निर्माण हेतु सुसज्जित एक कक्ष या भवन है। विज्ञान के अध्ययन में प्रयोगशाला कार्यों का विशेष महत्त्व है क्योंकि वैज्ञानिक सिद्धान्तों का विकास और विस्तार प्रयोगशाला कार्यों के आधार पर ही होता है। रासायनिकी एक प्रयोगमूलक विषय है। सैद्धान्तिक अवधारणाएँ प्रायोगिक कार्य द्वारा अच्छी तरह से समझी जा सकती हैं। प्रायोगिक कार्य से रासायनिक परिघटनाओं को प्रयोगशाला की नियन्त्रित परिस्थितियों में अनुसन्धान की विधि द्वारा परखने का अवसर मिलता है। अन्य शब्दों में, इससे प्रयोगकर्ता को जिज्ञासु प्रेक्षक बनने और परिणाम निकालने का भरपूर अवसर मिलता है।
![Thumb image](http://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/thumb/c/c8/M_Faraday_Lab_H_Moore.jpg/640px-M_Faraday_Lab_H_Moore.jpg)
![Thumb image](http://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/thumb/5/5f/Lab_bench.jpg/640px-Lab_bench.jpg)
प्रयोगशाला कार्य का प्रशिक्षण, उपकरणों एवं उपस्करों को सम्भालने एवं संचालित करने की नैपुण्य प्राप्त करने और प्रयोग करने में सहायक होता है। इस प्रकार से प्रायोगिक कार्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण के उत्थान और सहयोगी आचार व्यवहार अपनाने में सहायता करता है। प्रयोगशाला में कार्य करना विलक्षण और सृजनात्मक विचारों को क्रियान्वित करके साकार करने का आधार प्रदान करता है।
प्रयोगशाला कार्य के मूलभूत सिद्धान्तों में दक्ष होने हेतु प्रयोगकर्ता को उपस्करों को संचालित करना अवश्य शिखना चाहिए और सुरक्षा उपायों तथा अच्छे प्रयोगशाला आचरण से अवगत होना चाहिए। प्रयोगशाला में कार्य करने हेतु प्रवेश करने से पहले प्रयोगकर्ता निज को व्यवस्थित करें और प्रयोगशाला कार्य से पूर्व की प्रस्तुति और प्रायोगिक क्रियाविधि से पूर्णतः अवगत हो लें जिससे उसका कार्य अव्यवस्थित न हो। यदि समूह में प्रयोग करने की आवश्यकता न हो तो अकेले ही प्रयोग करें। कार्य करते समय अपनी विचारशीलता और सहजबुद्धि का प्रयोग करना चाहिए। यह व्यवहार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्राप्त करने की मूलभूत आवश्यकता है। प्रयोगशाला की स्मरण पुस्तक में प्रयोगों का विवरण लिखना चाहिए।