बृहस्पति (ज्योतिष)
From Wikipedia, the free encyclopedia
बृहस्पति, जिन्हें "प्रार्थना या भक्ति का स्वामी" माना गया है,[1] और ब्राह्मनस्पति तथा देवगुरु (देवताओं के गुरु) भी कहलाते हैं, एक हिन्दू देवता एवं वैदिक आराध्य हैं। इन्हें शील और धर्म का अवतार माना जाता है और ये देवताओं के लिये प्रार्थना और बलि या हवि के प्रमुख प्रदाता हैं। इस प्रकार ये मनुष्यों और देवताओं के बीच मध्यस्थता करते हैं।
बृहस्पति | |
---|---|
बृहस्पति (ग्रह) के स्वामी एवं शिक्षा के स्वामी | |
संबंध | ग्रह एवं देवताओं के गुरु |
निवासस्थान | बृहस्पति मण्डल या लोक |
ग्रह | बृहस्पति |
मंत्र | ॐ बृं बृहस्पतये नमः॥ |
जीवनसाथी | तारा |
सवारी | हाथी/ आठ घोड़ों वाले रथ |
बृहस्पति हिन्दू देवताओं के गुरु हैं और दैत्य गुरु शुक्राचार्य के कट्टर विरोधी रहे हैं। ये नवग्रहों के समूह के नायक भी माने जाते हैं तभी इन्हें गणपति भी कहा जाता है। ये ज्ञान और वाग्मिता के देवता माने जाते हैं। इन्होंने ही बार्हस्पत्य सूत्र की रचना की थी। इनका वर्ण सुवर्ण या पीला माना जाता है और इनके पास दण्ड, कमल और जपमाला रहती है। ये सप्तवार में बृहस्पतिवार के स्वामी माने जाते हैं।[2] ज्योतिष में इन्हें बृहस्पति (ग्रह) का स्वामी माना जाता है।