2010 एशियाई खेल पदक तालिका
From Wikipedia, the free encyclopedia
2010 एशियाई खेल (आधिकारिक तौर पर 16वे एशियाई खेल) एक बहु-खेल प्रतियोगिता थी जो चीन के ग्वांगझोउ शहर में 12 नवम्बर से 27 नवम्बर 2010, के बीच आयोजित की गई थी। 1990 में बीजिंग के उपरान्त ग्वांगझोउ एशियाई खेलों की मेज़बानी करने वाला दूसरा चीनी शहर था।[1] खेलों में 45 एशियाई राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों (आई॰ओ॰सी॰) से चयनित 9,704 एथलीटों ने कुल 476 प्रतिस्पर्धाओं में विभाजित 42 खेलों में भाग लिया।[2][3] अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने जनवरी 2010 में कुवैत की राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति को राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण निलम्बित कर दिया था, परिणामस्वरूप कुवैती खिलाडियों ने इन खेलों में ओलम्पिक ध्वज तले भाग लिया था।[4][5]
पैंतीस राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों के एथलीटों ने खेलों में पदक जीते और इनमे से उनतीस ने कम से कम एक स्वर्ण पदक जीता। मकाउ और बांग्लादेश ने इन खेलों में क्रमशः वूशू और क्रिकेट में एशियाई खेलों के अपने प्रथम स्वर्ण पदक जीते थे।[6][7] ईरान, भारत, अफ़्गानिस्तान, बांग्लादेश, चीनी ताइपे, हांगकांग, इण्डोनेशिया, जॉर्डन, किर्गिज़स्तान, मकाउ, मलेशिया, म्यान्मार, उत्तर कोरिया, ओमान और पाकिस्तान ने 2006 एशियाई खेलों की तुलना में सामान्य पदक तालिका में अपनी स्थिति में सुधार किया।[8] मेज़बान देश चीन ने लगातार आठवीं बार एशियाई खेलों की पदक तालिका में सर्वोच्च स्थान अर्जित किया। चीनी एथलीटों ने सभी पदक श्रेणियों में सर्वाधिक पदक हासिल किये, जिसमें उन्होंने 199 स्वर्ण, 119 रजत व 98 कांस्य पदक जीते। चीन ने समग्र तौर पर भी सबसे अधिक पदक जीते (416, सभी पदकों का लगभग 40%)। दक्षिण कोरिया ने कुल 232 पदकों (76 स्वर्ण सहित) के साथ पदक तालिका में द्वितीय स्थान हासिल किया। जापान 48 स्वर्णों व कुल 216 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।[2]