कर्नाटक
दक्षिणी भारत का राज्य / From Wikipedia, the free encyclopedia
कर्नाटक (कन्नड़: ಕರ್ನಾಟಕ), जिसे कर्णाटक भी कहते हैं, दक्षिण भारत का एक राज्य है। इस राज्य का गठन १ नवंबर, १९५६ को राज्य पुनर्गठन अधिनियम के अधीन किया गया था। पहले यह मैसूर राज्य कहलाता था। १९७३ में पुनर्नामकरण कर इसका नाम कर्नाटक कर दिया गया। इसकी सीमाएं पश्चिम में अरब सागर, उत्तर पश्चिम में गोआ, उत्तर में महाराष्ट्र, पूर्व में आंध्र प्रदेश, दक्षिण-पूर्व में तमिल नाडु एवं दक्षिण में केरल से लगती हैं। इसका कुल क्षेत्रफल ७४,१२२ वर्ग मील (१,९१,९७६ कि॰मी॰²) है, जो भारत के कुल भौगोलिक क्षेत्र का ५.८३% है।[8] ३१ जिलों के साथ यह राज्य छठा सबसे बड़ा राज्य है। राज्य की आधिकारिक और सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा कन्नड़ है। कर्नाटक राज्य का नवीनतम जिला विजयनगर है।[9]
कर्नाटक | |
---|---|
राज्य | |
ऊपर से, बाएँ से दाएँ: मैसूर पैलेस, पट्टाडकल, भगवान बाहुबली की मूर्ति, मालपे बीच, शिवनसमुद्रम प्रपात, होयसल साम्राज्य का प्रतीक, मुरुदेश्वर में गोपुरम और विरूपाक्ष मंदिर, हम्पी प्रतीक | |
गान: "जय भारत जननिया तनुजते, जय हे कर्नाटक मात"[1]
"(भारत माता की बेटी कर्नाटका आपकी जय हो) | |
देश | भारत |
गठन | 1 नवम्बर 1956 |
राजधानी | बेंगलुरु |
सबसे बड़ा शहर | बेंगलुरु |
जिले | : 31 |
शासन | |
• सभा | कर्नाटक सरकार |
• राज्यपाल | थावरचंद गहलोत |
• मुख्यमंत्री | सिद्दारमैया |
• विधानमण्डल | द्विसदनीय
|
• संसदीय क्षेत्र | |
• उच्च न्यायालय | कर्नाटक उच्च न्यायालय |
क्षेत्र[2] | 1,91,791 किमी2 (74,051 वर्गमील) |
क्षेत्र दर्जा | 6वां |
अधिकतम उच्चता | 1925 मी (6,316 फीट) |
निम्नतम उच्चता (MSL) | 0 मी (0 फीट) |
जनसंख्या (2011)[3] | |
• कुल | 61,130,704 |
• दर्जा | 8वां |
• घनत्व | 320 किमी2 (830 वर्गमील) |
GDP (2020–21)[4] | |
• कुल | ₹16.65 trillion (US$243.09 अरब) |
• प्रति व्यक्ति | ₹2,26,796 (US$3,311.22) |
भाषाएं | |
• राजभाषा | कन्नड[5] |
समय मण्डल | भारतीय मानक समय (यूटीसी+05:30) |
आई॰एस॰ओ॰ ३१६६ कोड | IN-KA |
वाहन पंजीकरण | KA |
मानव विकास सूचकांक (2018) | 0.682[6] medium · 19वां |
साक्षरता (2011) | 75.36%[7] |
लिंगानुपात (2011) | 973 ♀/1000 ♂[7] |
वेबसाइट | www |
कर्नाटक शब्द के उद्गम के कई व्याख्याओं में से सर्वाधिक स्वीकृत व्याख्या यह है कि कर्नाटक शब्द का उद्गम कन्नड़ शब्द करु, अर्थात् काली या ऊंची और नाडु अर्थात् भूमि या प्रदेश या क्षेत्र से आया है, जिसके संयोजन करुनाडु का पूरा अर्थ हुआ काली भूमि या ऊंचा प्रदेश। काला शब्द यहां के बयलुसीम क्षेत्र की काली मिट्टी से आया है और ऊंचा यानि दक्कन के पठारी भूमि से आया है। ब्रिटिश राज में यहां के लिए कार्नेटिक शब्द का प्रयोग किया जाता था, जो कृष्णा नदी के दक्षिणी ओर की प्रायद्वीपीय भूमि के लिए प्रयुक्त है और मूलतः कर्नाटक शब्द का अपभ्रंश है।[10]
प्राचीन एवं मध्यकालीन इतिहास देखें तो कर्नाटक क्षेत्र कई बड़े शक्तिशाली साम्राज्यों का क्षेत्र रहा है। इन साम्राज्यों के दरबारों के विचारक, दार्शनिक और भाट व कवियों के सामाजिक, साहित्यिक व धार्मिक संरक्षण में आज का कर्नाटक उपजा है। भारतीय शास्त्रीय संगीत के दोनों ही रूपों, कर्नाटक संगीत और हिन्दुस्तानी संगीत को इस राज्य का महत्त्वपूर्ण योगदान मिला है। आधुनिक युग के कन्नड़ लेखकों को सर्वाधिक ज्ञानपीठ सम्मान मिले हैं।[11] राज्य की राजधानी बंगलुरु शहर है, जो भारत में हो रही त्वरित आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी का अग्रणी योगदानकर्त्ता है।