नागालैण्ड
भारतीय राज्य / From Wikipedia, the free encyclopedia
नागालैण्ड भारत का एक उत्तर पूर्वी राज्य है। इसकी राजधानी कोहिमा है, जबकि दीमापुर राज्य का सबसे बड़ा नगर है। नागालैण्ड की सीमा पश्चिम में असम से, उत्तर में अरुणाचल प्रदेश से, पूर्व मे बर्मा से और दक्षिण मे मणिपुर से मिलती है। भारत की 2011 की जनगणना के अनुसार, इसका क्षेत्रफल 16,579 वर्ग किलोमीटर है, और जनसंख्या 19,80,602 है, जो इसे भारत के सबसे छोटे राज्यों में से एक बनाती है।[7]
नागालैंड | ||
---|---|---|
राज्य | ||
ऊपर से: कोहिमा का रास्ता, कपामोद्ज़ु चोटी, फेक जिला, धनेश उत्सव | ||
| ||
ध्येय: एकता | ||
निर्देशांक (कोहिमा): 25.67°N 94.12°E / 25.67; 94.12 | ||
देश | भारत | |
स्थापना | 1 दिसंबर 1963† | |
राजधानी | कोहिमा | |
सबसे बड़ा शहर | डिमापुर | |
ज़िले | : 12 | |
शासन | ||
• राज्यपाल | जगदीश मुखी [1] | |
• मुख्य मंत्री | नेफियू रियो (एनडीपीपी)[2] | |
• उप मुख्यमंत्रीs | यानथुंगो पैटन (भाजपा)[3] | |
• विधायिका | एकसदनीय (60 सीट) | |
• संसदीय निर्वाचन क्षेत्र | राज्यसभा 1 लोकसभा 1 | |
क्षेत्र | 16579 किमी2 (6,401 वर्गमील) | |
क्षेत्र दर्जा | 26वां | |
अधिकतम उच्चता[4] (सारामाती पर्वत) | 3,826 मी (12,552 फीट) | |
जनसंख्या (2011) | ||
• कुल | 1,980,602 | |
• दर्जा | 25वां | |
• घनत्व | 119 किमी2 (310 वर्गमील) | |
समय मण्डल | भामास (यूटीसी+05:30) | |
PIN | 797001 - 798627[5] | |
आई॰एस॰ओ॰ ३१६६ कोड | IN-NL | |
माविसू | 0.676 (मध्यम) | |
मानव विकास सूचकांक वरीयता क्रम | 20वीं (2017) | |
साक्षरता | 80.11% (15वां) | |
राजभाषा | अंग्रेजी[6] | |
वेबसाइट | nagaland.gov.in | |
^† नागालैंड राज्य अधिनियम 1962 के द्वारा नागालैंड को असम राज्य से काट कर बनाया गया था। |
नागालैण्ड राज्य में कुल 16 जनजातियाँ निवास करती हैं। प्रत्येक जनजाति अपने विशिष्ट रीति-रिवाजों, भाषा और पोशाक के कारण दूसरी से भिन्न है।[8] हालाँकि, भाषा और धर्म दो सेतु हैं, जो इन जनजातियों को आपस में जोड़ते हैं। अंग्रेजी राज्य की आधिकारिक भाषा है। यह शिक्षा की भाषा भी है, और अधिकाँश निवासियों द्वारा बोली जाती है। नागालैंड भारत के उन तीन राज्यों में से एक है, जहाँ ईसाई धर्म के अनुयायी जनसंख्या में बहुमत में हैं।[9][10]
राज्य ने 1950 के दशक में विद्रोह और साथ ही अंतर-जातीय संघर्ष देखा है। हिंसा और असुरक्षा ने नागालैंड के आर्थिक विकास को सीमित कर दिया था, क्योंकि इसे कानून, व्यवस्था और सुरक्षा के लिए अपने दुर्लभ संसाधनों को प्रतिबद्ध करना था।[11][12] हालाँकि पिछले डेढ़ दशक में, राज्य में हिंसा काफी कम हुई है, जिससे राज्य की वार्षिक आर्थिक विकास दर 10% के करीब पहुंची है, और यह पूर्वोत्तर क्षेत्र में सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन पाया है।
नागालैण्ड की स्थापना 1 दिसम्बर 1963 को भारत के 16वें राज्य के रूप मे हुई थी। असम घाटी के किनारे बसे कुछ क्षेत्रों को छोड़कर राज्य का अधिकतर हिस्सा पहाड़ी है। राज्य के कुल क्षेत्रफल का केवल 9% हिस्सा समतल जमीन पर है। नागालैण्ड में सबसे उँची चोटी माउंट सरामति है जिसकी समुंद्र तल से उँचाई 3840 मी है। यह पहाड़ी और इसकी शृंखलाएँ नागालैंड और बर्मा के बीच प्राकृतिक अवरोध का निर्माण करती हैं।[13] यह राज्य वनस्पतियों और जीवों की समृद्ध विविधता का घर है।